मीकाह 3
3
अगुओं और भविष्यवक्ताओं को डांट
1तब मैंने कहा,
“हे याकोब के अगुए,
हे इस्राएल के शासक, सुनिए.
क्या आप लोगों को न्याय से प्रेम नहीं करना चाहिये,
2आप लोग जो भलाई से घृणा करते हैं और बुराई से प्रेम करते हैं;
आप लोग जो मेरे लोगों की खाल
और उनकी हड्डियों से मांस नोच लेते हैं;
3आप लोग जो मेरे लोगों का मांस खाते हैं,
उनकी खाल खींच लेते हैं
और उनकी हड्डियों को टुकड़े-टुकड़े कर देते हैं;
उनकी अस्थियों को चूर्ण कर देते हैं
आप लोग जो उनको कड़ाही में पकाने वाले मांस
या बर्तन में रखे मांस की तरह काट डालते हैं?”
4तब वे यहोवाह को पुकारेंगे,
पर यहोवाह उनकी नहीं सुनेंगे.
उनके बुरे कामों के कारण
उस समय वह अपना मुख उनसे छिपा लेंगे.
5यहोवाह का यह कहना है:
“वे भविष्यवक्ता
जो मेरे लोगों को भटका देते हैं,
यदि उनको खाने को कुछ मिलता है,
तब वे शांति की घोषणा करते हैं,
पर जो व्यक्ति उनको खिलाने से मना करते हैं,
उनके विरुद्ध लड़ाई करने को तैयार हो जाते हैं.
6इसलिये आप लोगों को बिना बताए आप लोगों के ऊपर रात्रि आ जाएगी,
और बिना बताये आप लोगों के ऊपर अंधेरा छा जाएगा.
इन भविष्यवक्ताओं के लिये सूर्यास्त हो जाएगा,
और दिन रहते उन पर अंधेरा छा जाएगा.
7भविष्यदर्शी लज्जित होंगे
और भविष्य बतानेवाले कलंकित होंगे.
वे सब लज्जा से अपना मुंह ढांप लेंगे
क्योंकि उन्हें परमेश्वर से कोई उत्तर न मिलेगा.”
8पर जहां तक मेरा सवाल है,
मैं यहोवाह के आत्मा के साथ सामर्थ्य से,
तथा न्याय और बल से भरा हुआ हूं,
ताकि याकोब को उसका अपराध,
और इस्राएल को उसका पाप बता सकूं.
9हे याकोब के अगुए,
हे इस्राएल के शासक, यह बात सुनिए,
आप लोग जो न्याय को तुच्छ समझते हैं
और सब सही बातों को बिगाड़ते हैं;
10आप लोग जो ज़ियोन को रक्तपात से,
और येरूशलेम को दुष्टता से भरते हैं.
11उसके अगुए घूस लेकर न्याय करते हैं,
उसके पुरोहित दाम लेकर शिक्षा देते हैं,
और उसके भविष्यवक्ता पैसों के लिये भविष्य बताते हैं.
तौभी वे यहोवाह की मदद की कामना करते हुए कहते हैं,
“क्या यहोवाह हमारे मध्य में नहीं हैं?
कोई भी विपत्ति हमारे ऊपर नहीं आएगी.”
12इसलिये आप लोगों के ही कारण,
ज़ियोन पर खेत के सदृश हल चला दिया जाएगा,
येरूशलेम खंडहर हो जाएगा,
तथा भवन की पहाड़ी वन में पूजा-स्थल का स्वरूप ले लेगी.
वर्तमान में चयनित:
मीकाह 3: HCV
हाइलाइट
कॉपी
तुलना
शेयर
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.