लेवी 8
8
अहरोन और उनके पुत्रों का अभिषेक
1फिर यहोवाह ने मोशेह को यह आदेश दिया, 2“आप अहरोन और उनके पुत्रों, और साथ में उनके वस्त्रों, अभिषेक का तेल, पापबलि के लिए निर्धारित बैल, दो मेढ़े और एक टोकरी में खमीर रहित रोटी ले लें, 3और मिलनवाले तंबू के द्वार पर सारी सभा को इकट्ठा करें.” 4तब मोशेह ने यहोवाह के आदेश के अनुसार वैसा ही किया. जब सभा मिलनवाले तंबू के द्वार पर इकट्ठी हुई.
5तब मोशेह ने सभा को इस प्रकार संबोधित किया, “जिस कार्य को पूरा करने का आदेश यहोवाह ने दिया है, वह यह है.” 6फिर मोशेह ने अहरोन और उनके पुत्रों को अपने निकट बुलाया और जल से उन्हें नहलाया. 7मोशेह ने अहरोन को कुर्ता पहनाया, और उसे कमरबंध से बांधा, और एफ़ोद पहनाया, और उनको एफ़ोद के कलात्मक कमरबंध से बांधा, और उसी से एफ़ोद को बांधकर कस दिया. 8फिर उन्होंने अहरोन को सीनाबंद पहनाया और उसमें उरीम एवं थुम्मीम लगा दिए. 9उन्होंने उनके सिर पर पगड़ी भी पहना दी, और उस पगड़ी के सामने की ओर सोने के टीके अर्थात् पवित्र मुकुट को लगाया, ठीक जैसा आदेश यहोवाह ने मोशेह को दिया था.
10मोशेह ने अभिषेक का तेल लेकर पवित्र निवासस्थान और उसके भीतर जो कुछ भी था, उसका अभिषेक कर उन्हें परम पवित्र किया. 11उन्होंने कुछ तेल वेदी पर सात बार छिड़क दिया, वेदी और इसके सारे पात्रों, चिलमची और उसके आधार को पवित्र करने के लिए उनका अभिषेक किया. 12फिर उन्होंने अभिषेक का कुछ तेल अहरोन के सिर पर उंडेलकर उन्हें पवित्र करने के लिए उनका अभिषेक किया. 13इसके बाद मोशेह ने अहरोन के पुत्रों को अपने पास बुलाया और उन्हें अंगरखे पहनाकर उन पर कटिबंध बांधे तथा उन्हें टोपियां पहना दीं; ठीक वैसा ही, जैसा आदेश यहोवाह ने मोशेह को दिया था.
14मोशेह पापबलि के लिए निर्धारित बैल लेकर आए और अहरोन और उनके पुत्रों ने पापबलि के इस बैल के सिर पर अपने हाथ रखे. 15मोशेह ने इस बैल का वध किया और वेदी को पाप दोष से हटाने के लिए अपनी उंगली से उसका कुछ रक्त लेकर वेदी की सींगों पर लगाया. उसके बाद इसके बचे हुए रक्त को वेदी के आधार पर उंडेल दिया और प्रायश्चित पूरा करने के लिए उसे परम पवित्र किया. 16मोशेह ने आंतों की सारी चर्बी, कलेजे के ऊपर की झिल्ली तथा दोनों गुर्दों के साथ उनकी चर्बी को लिया और उसे वेदी पर अग्नि में जलाकर भेंट कर दिया. 17किंतु बैल, उसकी खाल, मांस और इस प्रक्रिया में उत्पन्न गोबर इन चीज़ों को छावनी के बाहर अग्नि में जला दिया; ठीक जैसा आदेश यहोवाह ने मोशेह को दिया था, वैसा ही.
18फिर मोशेह ने होमबलि के लिए तय मेढ़े को प्रस्तुत किया. अहरोन और उनके पुत्रों ने उस मेढ़े के सिर पर अपने हाथ रखे. 19मोशेह ने मेढ़े को बलि किया, और इसके रक्त को वेदी के चारों ओर छिड़क दिया. 20उन्होंने इस मेढ़े को टुकड़े किए और इसके सिर, टुकड़ों और ठोस चर्बी को जला दिया. 21मोशेह ने आंतों और टांगों को जल से धोकर पूरे मेढ़े को वेदी पर अग्नि में जलाकर भेंट कर दिया. सुखद-सुगंध के लिए यह एक होमबलि; हां यहोवाह को भेंट एक अन्नबलि थी; ठीक जैसा आदेश यहोवाह ने मोशेह को दिया था, वैसा ही.
22इसके बाद मोशेह ने दूसरा मेढ़ा, अर्थात् संस्कार का मेढ़ा प्रस्तुत किया, और अहरोन और उनके पुत्रों ने उस मेढ़े के सिर पर अपने हाथ रखे. 23मोशेह ने मेढ़े को बलि किया; और अहरोन के दायें कान, उनके दायें हाथ और दायें पैर के अंगूठे पर उसका कुछ रक्त लगा दिया. 24मोशेह ने अहरोन के पुत्रों को भी पास बुलाकर उनके दायें कान, उनके दायें हाथ के अंगूठे और दायें पैर के अंगूठे पर उसका कुछ रक्त लगा दिया. उसके बाद मोशेह ने शेष रक्त को वेदी के चारों ओर छिड़क दिया. 25मोशेह ने उस मेढ़े की चर्बी, मोटी पूंछ, आंतों पर की चर्बी, कलेजे के ऊपर की झिल्ली, दोनों गुर्दे तथा उनकी चर्बी और दायीं जांघ ली; 26उन्होंने यहोवाह के सामने रखी खमीर रहित रोटी की टोकरी से एक खमीर रहित रोटी, जैतून का तेल सनी हुई रोटी और एक पपड़ी ली और उन्हें चर्बी के भाग एवं दायीं जांघ पर रख दिया. 27ये सभी वस्तुएं अहरोन एवं उनके पुत्रों के हाथों में रखकर इन्हें यहोवाह को चढ़ाने की भेंट मानकर यहोवाह के आगे लहराया. 28मोशेह ने इन्हें उनके हाथों से लेकर होमबलि के साथ इन्हें वेदी पर जला दिया. ये यहोवाह को भेंट की गयी सुखद-सुगंध के लिए अन्नबलि के रूप में संस्कार की बलि थी. 29मोशेह ने मेढ़े की छाती भी ली, यह संस्कार के मेढ़े में से मोशेह का अंश था, और इसे यहोवाह के सामने लहराने की बलि के रूप में प्रस्तुत किया; ठीक जैसा आदेश यहोवाह ने मोशेह को दिया था, वैसा ही.
30मोशेह ने अभिषेक के तेल और वेदी पर के रक्त में से कुछ रक्त लेकर इसे अहरोन, उनके वस्त्रों, उनके पुत्रों और उनके वस्त्रों पर छिड़क दिया. इस प्रकार मोशेह ने अहरोन, उनके वस्त्रों, उनके पुत्रों और उनके पुत्रों के वस्त्रों को परम पवित्र किया.
31इसके बाद मोशेह ने अहरोन और उनके पुत्रों को यह आदेश दिया “मिलनवाले तंबू के द्वार पर मांस को उबालिए और इसे उस रोटी के साथ खाइए, जो रोटी संस्कार बलि की टोकरी में है, ठीक जैसा आदेश मैंने दिया था कि, अहरोन और उनके पुत्र इसको खाएं. 32शेष मांस और रोटी को आप लोग अग्नि में जला दीजिए. 33सात दिनों के लिए आप लोग मिलनवाले तंबू के द्वार के बाहर न जाएं, जब तक आप लोगों के संस्कार का क्रिया काल पूरा न हो जाए; क्योंकि आप लोगों के संस्कार का क्रिया काल सात दिन का होगा. 34आप लोगों के लिए प्रायश्चित पूरा करने के लिए वही किया जाना ज़रूरी है, जैसा आज किया गया है, ठीक जैसा आदेश यहोवाह ने दिया है. 35इसके अतिरिक्त आप लोगों को मिलनवाले तंबू के द्वार पर सात दिनों के लिए दिन-रात ठहरे रहना है, यहोवाह द्वारा दिए गए आदेशों का पालन करना ज़रूरी है कि आप लोगों की मृत्यु न हो, क्योंकि मुझे ऐसा ही आदेश दिया गया है.”
36इस प्रकार अहरोन और उनके पुत्रों ने वे सारे कार्य किए, जिनका आदेश यहोवाह ने मोशेह के द्वारा दिया था.
वर्तमान में चयनित:
लेवी 8: HCV
हाइलाइट
कॉपी
तुलना
शेयर
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.