यहोशू 3

3
इस्राएलियों द्वारा यरदन पार करना
1दूसरे दिन सुबह जल्दी उठकर यहोशू एवं इस्राएल वंशज शित्तीम से चलकर यरदन गए और उसे पार करने के पहले उन्होंने वहां पड़ाव डाला. 2तीन दिन बाद नायक शिविर के बीच से होते हुए गए, 3और उन्होंने लोगों को कहा, “जब आप लोग यहोवाह परमेश्वर की वाचा के संदूक को लेवीय पुरोहितों द्वारा उठाए हुए देखें, तब आप लोग अपने-अपने स्थान से उठकर उसके पीछे-पीछे चलिए. 4किंतु आप लोगों के तथा संदूक के बीच दो हज़ार हाथ#3:4 लगभग, 1 किलोमीटर की दूरी रहे. इसके पास न जाएं, आप लोग ध्यान रखिए कि आप लोगों को किस दिशा में आगे बढ़ना है, क्योंकि इस मार्ग पर आप लोग पहले कभी नहीं गए हैं.”
5यहोशू ने लोगों से कहा, “अपने आपको पवित्र करिए, क्योंकि कल यहोवाह आप लोगों के बीच आश्चर्य के काम करेंगे.”
6फिर यहोशू ने पुरोहितों से कहा, “आप लोग वाचा का संदूक लेकर लोगों के आगे-आगे चलिए.” तब उन्होंने वाचा का संदूक उठाया और लोगों के आगे-आगे चलने लगे.
7यहोवाह ने यहोशू से कहा, “आज वह दिन है, जब मैं आपको इस्राएल की दृष्‍टि में आदर का पात्र बनाऊंगा, और उन्हें यह मालूम हो जाएगा कि जिस प्रकार मैं मोशेह के साथ था, ठीक वैसे ही आपके साथ भी रहूंगा. 8आपको वाचा का संदूक उठानेवाले पुरोहितों को बताना होगा: ‘जब आप लोग यरदन नदी में पहुंचें, तब आप लोग जल में सीधे खड़े रहिए.’ ”
9तब यहोशू ने इस्राएलियों से कहा, “यहां आकर यहोवाह, अपने परमेश्वर का संदेश सुनिये. 10तब आप लोग समझ पाएंगे कि जीवित परमेश्वर आप लोगों के बीच में हैं; और वही आप लोगों के सामने से कनानियों, हित्तियों, हिव्वियों, परिज्ज़ियों, गिर्गाशियों, अमोरियों तथा यबूसियों को भगा देंगे. 11ध्यान रखिए, कि समस्त पृथ्वी के प्रभु की वाचा का संदूक आप लोगों के आगे यरदन में पहुंच रहा है. 12तब इस्राएल के हर एक गोत्र से बारह व्यक्ति अलग करिये जो हर गोत्र से एक-एक पुरुष हों. 13जैसे ही समस्त पृथ्वी के सार्वभौम यहोवाह की वाचा का संदूक उठानेवाले पुरोहितों के पांव यरदन में पड़ेंगे, यरदन का जल बहना रुक जाएगा तथा एक जगह इकट्ठा हो जाएगा.”
14-15यह फसल काटने का समय था. इस समय यरदन नदी में बाढ़ की स्थिति हुआ करती है. जब इस्राएल वंशज यरदन पार करने के लिए निकले, तब पुरोहित वाचा का संदूक लेकर लोगों के आगे जा रहे थे. पुरोहितों के पांव जैसे ही जल में पड़े, 16ऊपर से आ रहे जल का बहना रुक गया, और यह दीवार सा ऊंचा उठ गया. यह बहुत दूर स्थित आदम नामक नगर में था, जो ज़ारेथान के पास है. इससे अराबाह सागर का जल, जिसे लवण-सागर भी कहा जाता है, पूरा सूख गया, और इस्राएली येरीख़ो के सामने पार हो गए. 17यहोवाह की वाचा का संदूक लेकर पुरोहित यरदन नदी के बीच में सूखी भूमि पर तब तक खड़े रहे जब तक सब इस्राएल राष्ट्र ने यरदन नदी को पार न कर लिया.

वर्तमान में चयनित:

यहोशू 3: HCV

हाइलाइट

कॉपी

तुलना

शेयर

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in