होशेआ 9

9
इस्राएल के लिये दंड
1हे इस्राएल, आनंदित मत होइए;
दूसरे देशों के समान अति आनंदित मत होइए.
क्योंकि आपने अपने परमेश्वर के साथ विश्वासघात किया है;
आप हर एक खलिहान में
वेश्यावृत्ति से प्राप्‍त आय को पसंद करते हैं.
2खलिहानों और अंगूर के रसकुण्डों से लोगों को भोजन नहीं मिलेगा;
नई दाखमधु भी उन्हें नहीं मिलेगी.
3वे यहोवाह के देश में नहीं रहने पाएंगे;
एफ्राईम मिस्र देश को लौट जाएंगे
और अश्शूर में वे अशुद्ध भोजन खाएंगे.
4वे यहोवाह को अंगूर के दाखमधु की पेयबलि नहीं देंगे,
और न ही उनके बलिदान से परमेश्वर खुश होंगे.
उस प्रकार का बलिदान उनके लिये शोक करने वालों की रोटी जैसा है;
वे सब जो उसे खाते हैं वे अशुद्ध हो जाएंगे.
यह भोजन उनके स्वयं के लिये होगा;
इसे यहोवाह के मंदिर में नहीं लाया जाएगा.
5आप अपने ठहराए हुए त्योहारों के दिन,
यहोवाह के भोज के दिनों में क्या करेंगे?
6यदि वे विनाश से बच निकलते हैं,
तो मिस्र देश उन्हें इकट्ठा करेगा,
और मोफ उन्हें दफन कर देगा.
कंटीली झाड़ियां उनके चांदी के वस्तुओं को ले लेंगी,
और उनके तंबुओं पर कांटे उग आएंगे.
7दंड के दिन आ रहे हैं,
बदला लेने के दिन निकट हैं.
इस बात को इस्राएल जान लें.
क्योंकि आपका पाप बहुत है
और आपकी शत्रुता बहुत अधिक है,
भविष्यवक्ता को मूर्ख,
और आत्मा से प्रेरित व्यक्ति को पागल समझा जाता है.
8भविष्यवक्ता, मेरे परमेश्वर के साथ,
एफ्राईम के ऊपर पहरेदार हैं,
फिर भी उनके सब रास्तों पर फंदे लगे हुए हैं,
और उनके परमेश्वर के भवन में शत्रुता है.
9वे गिबियाह के दिनों के जैसे
भ्रष्टाचार में बहुत डूब हुए हैं.
परमेश्वर उनकी बुराई को याद करेंगे
और उनके पापों के लिये उन्हें दंड देंगे.
10“मैंने इस्राएल को ऐसे पाया,
जैसे किसी को निर्जन स्थान में अंगूर का मिलना होता है;
जब मैंने आप लोगों के पूर्वजों को देखा,
तो यह ऐसा था मानो अंजीर के पेड़ में लगे शुरुआती फल को देखना.
पर जब वे बाल-पिओर में आए,
तो उन्होंने उस लज्जास्पद मूर्ति के लिये अपने आपको पवित्र किया
और वे उतने दुष्ट हो गए जितने वे उन चीज़ों से प्रेम करते थे.
11एफ्राईम का गौरव पक्षी की तरह उड़ जाएगा—
न किसी का जन्म होगा,
न कोई गर्भवती होगी और न ही किसी को गर्भ ठहरेगा.
12यदि वे बच्चों का पालन पोषण करते भी हैं,
तो मैं हर एक को उनसे ले लूंगा.
उन पर हाय
जब मैं उनसे दूर हो जाता हूं!
13मैंने एफ्राईम को सोर के जैसे
मनभावने स्थान में बसे हुए देखा है.
पर एफ्राईम अपने बच्चों को
वध करने वाले के पास ले आएंगे.”
14हे यहोवाह, उन्हें दीजिए—
आप उन्हें क्या देंगे?
उन्हें ऐसे गर्भ दीजिए, जिनसे गर्भपात हो जाता है
और ऐसे स्तन दीजिए, जो सूखे हों.
15“गिलगाल में उनकी सब बुराई के कारण,
मैंने उनसे वहां घृणा किया.
उनके पापमय कामों के कारण,
मैं उन्हें अपने भवन से बाहर निकाल दूंगा.
अब मैं उनसे प्रेम नहीं करूंगा;
उनके सब अगुए विद्रोही हैं.
16एफ्राईम पर बीमारी लग गई है,
उनकी जड़ सूख गई है,
उनमें फल नहीं लगते हैं.
यदि वे बच्चों को जन्म भी दें,
तो मैं उनके पोषित बच्चों को मार डालूंगा.”
17मेरे परमेश्वर उनको अस्वीकार करेंगे
क्योंकि उन्होंने उनकी बातों को नहीं माना है;
वे जाति-जाति के लोगों के बीच भटकते फिरेंगे.

वर्तमान में चयनित:

होशेआ 9: HCV

हाइलाइट

कॉपी

तुलना

शेयर

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in