आमोस 6
6
आत्म-संतुष्टों को धिक्कार
1धिक्कार है आप लोगों पर,
जो ज़ियोन में विलासितापूर्ण जीवन जीते हैं,
और धिक्कार है आप लोगों पर,
जो शमरिया पर्वत पर सुरक्षित अनुभव करते हैं,
आप लोग सोचते हैं कि आप लोग सर्वोत्तम राष्ट्र के प्रसिद्ध लोग हैं,
जिनके पास इस्राएल के लोग आते हैं!
2कालनेह जाइए और उसे देखिए;
तब वहां से बड़े हामाथ नगर को जाइए,
तत्पश्चात नीचे फिलिस्तीनी नगर गाथ को जाइए.
क्या ये आप लोगों के दो राज्यों से ज्यादा अच्छे हैं?
क्या उनका देश आप लोगों के देश से बड़ा है?
3आप लोग विपत्ति के दिन को दूर कर देते
और आतंक के राज्य को पास ले आते हैं.
4आप लोग हाथी-दांत से सजे बिस्तरों पर सोते हैं,
और अपने पलंगों पर पसरते रहते हैं.
आप झुंड में से भेड़ें और बाड़े में से बछड़ों को खाते हैं.
5आप लोग दाविद के समान अपनी वीणा के तारों को झनकारते हैं
और वाद्य-यंत्रों को बेहतर करते हैं.
6आप लोग कटोरा भरकर दाखमधु पीते हैं
और सबसे अच्छे प्रकार के सौंदर्य प्रसाधन लगाते हैं,
पर आप लोग योसेफ़ के विनाश पर शोकित नहीं होते हैं.
7तब आप लोग सबसे पहले बंधुआई में जाएंगे;
आप लोगों का भोज करना और रंगरेलियां मनाना समाप्त हो जाएगा.
यहोवाह इस्राएल के घमंड से घृणा करते हैं
8परम प्रभु ने स्वयं अपनी ही शपथ खाई है—यहोवाह, सर्वशक्तिमान परमेश्वर यहोवाह यह घोषणा करते हैं:
“मेरी दृष्टि में घृणास्पद है याकोब का अहंकार
और घृणित हैं उनके राजमहल;
मैं इस नगर, उसके निवासियों
तथा उसकी समस्त वस्तुओं को उनके शत्रुओं के अधीन कर दूंगा.”
9यदि किसी घर में दस व्यक्ति भी शेष रह गए हों, तौभी वे मर जाएंगे. 10और जब कोई रिश्तेदार उस घर में से लाशों को ले जाने आएं ताकि उनको जला सकें और वह वहां किन्हीं छिपे हुए मनुष्य से पूछें, “कोई व्यक्ति और आपके साथ हैं?” और वह कहें, “नहीं,” तब वह व्यक्ति कहेंगे, “चुप रहिये! हमें यहोवाह का नाम नहीं लेना है.”
11क्योंकि यहोवाह ने आदेश दिया है,
और वह बड़े भवन को टुकड़े-टुकड़े कर देंगे
और छोटे घर को चूर-चूर कर देंगे.
12क्या घोड़े चट्टानों के उभरे हुए भागों पर दौड़ते हैं?
क्या कोई व्यक्ति बैलों से समुद्र में हल चलाते हैं?
पर आप लोगों ने न्याय को विष में
और धर्मीपन के फल को कड़वाहट में बदल दिया है—
13आप लोग जो लो-देबार#6:13 लो-देबार अर्थात्, व्यर्थता को अपने अधीन कर लेने में आनंदित हैं
और कहते हैं, “क्या करनायिम#6:13 करनायिम सींग यहां शक्ति का प्रतीक है. को हमने अपने ही बल से नहीं ले लिया?”
14क्योंकि यहोवाह सर्वशक्तिमान परमेश्वर यह घोषणा करते हैं,
“हे इस्राएल के वंशजो,
मैं आप लोगों के विरुद्ध एक जाति को भड़काऊंगा,
जो आप लोगों पर लबो-हामाथ से लेकर
अरबाह की घाटी तक अत्याचार करेंगे.”
वर्तमान में चयनित:
आमोस 6: HCV
हाइलाइट
कॉपी
तुलना
शेयर
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.