2 शमुएल 4

4
इश-बोशेथ का वध
1अबनेर की मृत्यु का समाचार सुनकर शाऊल के पुत्र इश-बोशेथ का साहस जाता रहा, और सारे इस्राएल में निराशा छा गई. 2शाऊल के पुत्र के छापामार दलों के दो प्रधान थे: बाअनाह और रेखाब. ये दोनों बिन्यामिन प्रदेश के बएरोथ नगरवासी रिम्मोन नामक व्यक्ति के पुत्र थे. बीरोथ नगर बिन्यामिन प्रदेश का हिस्सा माना जाता था, 3बीरोथवासियों को पलायन कर गित्ताईम नगर में जा बसना पड़ा, और वे वहां आज तक परदेशी ही माने जाते हैं.
4शाऊल के पुत्र योनातन के एक पुत्र थे, जो पैरों से विकलांग थे. जब येज़्रील से शाऊल और योनातन से संबंधित समाचार उन्हें दिया गया, तब वह सिर्फ पांच वर्ष के थे. उनकी सेविका उन्हें लेकर भाग रही थीं; उतावली में वह गिर पड़े और विकलांग हो गए. उनका नाम मेफ़िबोशेथ था.
5बीरोथवासी रिम्मोन के दोनों पुत्र, रेखाब और बाअनाह ने यात्रा प्रारंभ की, और वे इश-बोशेथ के आवास पर उस समय जा पहुंचे जब दिन की गर्मी के समय इश-बोशेथ विश्राम कर रहे थे. 6वे भवन के बीच वाले कमरे में कुछ इस ढंग से जा पहुंचे मानो वे वहां गेहूं लेने आए थे. वहां उन्होंने इश-बोशेथ के पेट में वार कर दिया. यह करके रेखाब और उनके भाई बाअनाह भाग निकले.
7जब उन्होंने भवन में प्रवेश किया, इश-बोशेथ अपने कमरे में बिछौने पर लेटे हुए थे. उन्होंने उन पर वार किया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई. इसके बाद उन्होंने उनका सिर काट लिया और उसे लेकर वे सारी रात अराबाह मार्ग पर चलते रहे. 8इश-बोशेथ के सिर को लेकर दाविद के पास हेब्रोन जा पहुंचे और उन्हें यह सूचना दी, “यह देखिए, आपके शत्रु शाऊल के पुत्र इश-बोशेथ का सिर, जो आपके प्राणों के प्यासे रहे थे. अब आज यहोवाह ने राजा, मेरे स्वामी को शाऊल और उनके वंशजों का बदला दे दिया है.”
9दाविद ने बीरोथवासी रिम्मोन के पुत्रों रेखाब और उसके भाई बाअनाह को उत्तर दिया, “जीवित यहोवाह की शपथ, जिन्होंने मेरे जीवन को सभी पीड़ाओं से छुड़ाया है, 10जब उस व्यक्ति ने आकर मुझे सूचना दी, सुनिए, ‘शाऊल की मृत्यु हो चुकी है,’ वह व्यक्ति यह समझ रहे थे कि वह मेरे लिए शुभ संदेश लेकर आए हैं, मैंने उन्हें पकड़ा और उनका वध कर दिया, यह ज़िकलाग की घटना है. उनके द्वारा लाए गए समाचार का ईनाम मैंने उन्हें इस रीति से दिया था. 11अब यह विचार करिये कि और कितनी अधिक होगी वह प्रतिक्रिया, जब दुष्ट व्यक्तियों ने एक धर्मी व्यक्ति की हत्या उनके घर में जाकर उनके बिछौने पर की है. क्या सही नहीं कि उनके रक्त का बदला आप ही से लेकर आप लोगों को पृथ्वी पर से मिटा दूं!”
12तब दाविद ने युवाओं को आदेश दिया और उन्होंने उन दोनों की हत्या कर दी, उनके हाथ और पांव काटकर उनके शव हेब्रोन के ताल के निकट लटका दिए. परंतु उन्होंने इश-बोशेथ के सिर को हेब्रोन में अबनेर की कब्र में गाड़ दिया.

वर्तमान में चयनित:

2 शमुएल 4: HCV

हाइलाइट

कॉपी

तुलना

शेयर

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in