2 इतिहास 11
11
1येरूशलेम पहुंचते ही रिहोबोयाम ने यहूदाह और बिन्यामिन गोत्रों को इकट्ठा किया. ये एक लाख अस्सी हज़ार अच्छे योद्धा इस उद्देश्य से इकट्ठा किए गए थे कि ये इस्राएल से युद्ध करें, कि रिहोबोयाम का राज्य उनके हाथ में दोबारा आ जाए.
2परंतु परमेश्वर के जन शेमायाह को यहोवाह का यह संदेश भेजा गया: 3“शलोमोन के पुत्र, यहूदिया के शासक रिहोबोयाम से और यहूदिया और बिन्यामिन प्रदेश के सभी इस्राएलियों में यह घोषणा कर दीजिए, 4‘यह यहोवाह का वचन है आप लोग अपने ही संबंधियों पर हमला नहीं करेंगे. सभी अपने-अपने घर को लौट जाएं; क्योंकि इस स्थिति को मैं ही लाया हूं.’ ” उन्होंने यहोवाह के संदेश के ही अनुसार किया और उन्होंने यरोबोअम पर हमला करने का विचार छोड़ दिया.
रिहोबोयाम द्वारा यहूदिया के नगरों को मजबूत करना
5रिहोबोयाम येरूशलेम में रहते रहे. वह यहूदिया की सुरक्षा के हित में नगरों को बनाते गए. 6वे ये थे: बेथलेहेम, एथाम, तकोआ, 7बेथ-त्सूर, सोकोह, अदुल्लाम, 8गाथ, मारेशाह, ज़ीफ़, 9अदोराईम, लाकीश, अज़ेका, 10ज़ोराह, अय्यालोन और हेब्रोन. ये सभी यहूदिया और बिन्यामिन प्रदेश के गढ़नगर थे. 11उन्होंने गढ़ों को मजबूत बनाया, उनमें अधिकारी ठहराए और इनमें भोजन सामग्री, तेल और अंगूर के रस के भंडार रखवा दिए. 12उन्होंने हर एक नगर में ढालें और बर्छियां रख दीं और इन नगरों को बहुत ही मजबूत सुरक्षा के नगर बना दिए. इस प्रकार यहूदिया और बिन्यामिन प्रदेश ही उनके अधिकार में रह गए.
13पूरे इस्राएल के पुरोहित और लेवी वंशज रिहोबोयाम से सहमत थे और वे उनके साथ हो गए. 14यरोबोअम और उनके पुत्रों द्वारा यहोवाह के लिए लेवियों की पौरोहितिक सेवा पर रोक लगाने के कारण वे लेवीय अपनी चरागाह और संपत्ति को त्याग कर यहूदिया और येरूशलेम आ गए. 15यरोबोअम ने पूजा स्थलों पर बकरे देवता और बछड़े देवताओं की मूर्तियां प्रतिष्ठित कर दीं और इनके लिए खुद अपने ही चुने हुए व्यक्तियों को पुरोहित बना दिया. 16इस्राएल के सारे गोत्रों में से वे लोग, जो हृदय से इस्राएल के परमेश्वर यहोवाह के खोजी थे, इन पुरोहितों और लेवियों का अनुसरण करते हुए अपने पूर्वजों के यहोवाह परमेश्वर के लिए बलि चढ़ाने येरूशलेम चले जाते थे. 17ये लोग तीन साल तक शलोमोन के पुत्र रिहोबोयाम का समर्थन करने के द्वारा यहूदिया राज्य को मजबूत बना रहे थे, क्योंकि वे दाविद और शलोमोन की नीतियों का पालन तीन साल तक करते रहे.
रिहोबोयाम का परिवार
18रिहोबोयाम ने दाविद की पोती, येरीमोथ की पुत्री माहलाथ से विवाह कर लिया. येरीमोथ की माता का नाम अबीहाइल था, वह यिशै के पुत्र एलियाब की पुत्री थीं. 19माहलाथ से उत्पन्न रिहोबाम के पुत्र: येऊश, शेमारियाह और त्सेहाम. 20इसके बाद रिहोबोयाम ने अबशालोम की पुत्री माकाह से विवाह किया, जिनसे पैदा हुए उनके पुत्रों के नाम हैं: अबीयाह, अत्तई, ज़िज़ा और शेलोमीथ. 21रिहोबोयाम को अबशालोम की पुत्री माकाह बहुत प्रिय थीं—अपनी दूसरी पत्नियों और उपपत्नियों से अधिक. उनकी अठारह पत्नियां और साठ उपपत्नियां थीं. इनसे उनके अट्ठाईस पुत्र और साठ पुत्रियां पैदा हुईं.
22रिहोबोयाम ने माकाह के पुत्र अबीयाह को उनके भाइयों के ऊपर प्रधान और उनका अगुआ बनाया; क्योंकि उनकी इच्छा थी कि वह उन्हें राजा बनाएं. 23बड़ी ही बुद्धिमानी से उन्होंने अपने कुछ पुत्रों को यहूदिया और बिन्यामिन राज्यों की सीमा में सारे गढ़ नगरों में अलग-अलग ज़िम्मेदारियां सौंप दीं और उनके लिए बहुत मात्रा में भोजन की व्यवस्था भी कर दी. इसके अलावा उन्होंने इन सबके लिए अनेक पत्नियों का प्रबंध भी कर दिया.
वर्तमान में चयनित:
2 इतिहास 11: HCV
हाइलाइट
कॉपी
तुलना
शेयर
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.