2 कोरिंथ 2
2
1अपनी ओर से मैं यह निश्चय कर चुका था कि मैं एक बार फिर वहां आकर आप लोगों को दुःख न दूं, 2क्योंकि वहां आकर यदि मैं ही आप लोगों को दुःखी करूं तो मुझे आनंद किनसे प्राप्त होगा, केवल उनसे, जिन्हें मैंने दुःख पहुंचाया? 3मैंने आप लोगों को इसी उद्देश्य से पत्र लिखा था कि जब मैं वहां आऊं तो वे ही लोग मेरे दुःख का कारण न हो जाएं, जिनसे मुझे आनंद की आशा है. मुझे निश्चय है कि मेरा आनंद आप सभी का आनंद है. 4हृदय के कष्ट और क्लेश के कारण आंसू बहा-बहा कर मैंने आप लोगों को यह पत्र लिखा है, इसलिये नहीं कि आप लोगों को दुःखी करूं परंतु इसलिये कि आप लोग आपके प्रति मेरे अत्याधिक प्रेम को समझ सकें.
पापी को क्षमा दी जाए
5यदि कोई दुःख का कारण है तो वह मात्र मेरे लिए नहीं परंतु किसी सीमा तक आप सभी के लिए भी दुःख का कारण बना है. मैं इसके विषय में इससे अधिक कुछ और नहीं कहना चाहता. 6काफ़ी है ऐसे व्यक्ति के लिए बहुमत द्वारा तय किया गया दंड. 7इसकी बजाय भला यह होगा कि आप लोग उस व्यक्ति को क्षमा कर दें और उसे सांत्वना दें. कहीं ऐसा न हो कि कष्ट की अधिकाई उस व्यक्ति को निराशा में डुबो दे. 8इसलिये आप लोगों से मेरी विनती है कि आप लोग दोबारा उस व्यक्ति के प्रति अपने प्रेम की पुष्टि कीजिए. 9यह पत्र मैंने यह जानने के उद्देश्य से भी लिखा है कि आप लोग सब विषयों में आज्ञाकारी हैं या नहीं. 10जिस व्यक्ति को आप लोग किसी विषय में क्षमा करते हैं, उन्हें मैं भी क्षमा करता हूं. जिस विषय में मैंने क्षमा की है—यदि वह वास्तव में क्षमा योग्य थे—उन्हें मैंने मसीह को उपस्थित जानकर आप लोगों के लिए क्षमा किया है 11कि शैतान हमारी स्थिति का कोई भी लाभ न उठाने पाए—हम उसकी चालों से अनजान नहीं हैं.
नए नियम के देने वाले
12मैं मसीह के सुसमाचार के लिए त्रोऑस आया और वहां प्रभु के द्वारा मेरे लिए द्वार खोला गया. 13वहां अपने भाई तीतॉस को न पाकर मेरा मन व्याकुल हो उठा. इसलिये उनसे विदा लेकर मैं मकेदोनिया प्रदेश चला गया.
14धन्यवाद हो परमेश्वर का! जो मसीह के जयोत्सव की शोभायात्रा में हमारे आगे चलते हैं और हमारे द्वारा अपने ज्ञान की सुमधुर सुगंध हर जगह फैलाते जाते हैं. 15हम ही परमेश्वर के लिए मसीह की सुगंध हैं—उन सबके लिए, जो उद्धार प्राप्त करते जा रहे हैं तथा उन सबके लिए भी, जो नाश होते जा रहे हैं. 16जो नाश हो रहे हैं, उनके लिए हम मृत्यु की घातक गंध तथा उद्धार प्राप्त करते जा रहे व्यक्तियों के लिए जीवन की प्राणदायी सुगंध. किनमें है इस प्रकार के काम करने की योग्यता? 17हम उनके समान नहीं, जिनके लिए परमेश्वर का वचन खरीदने-बेचने द्वारा लाभ कमाने की वस्तु है. इसके विपरीत हम सच्चाई में परमेश्वर की ओर से, परमेश्वर के सामने मसीह में सुसमाचार को दूसरों तक पहुंचाते हैं.
موجودہ انتخاب:
2 कोरिंथ 2: HCV
سرخی
کاپی
موازنہ
شئیر
کیا آپ جاہتے ہیں کہ آپ کی سرکیاں آپ کی devices پر محفوظ ہوں؟ Sign up or sign in
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.