Kisary famantarana ny YouVersion
Kisary fikarohana

उत्पत्ति 38

38
यहूदाह तथा तामार
1जब उन्हीं दिनों यहूदाह अपने भाइयों के बीच से निकलकर हीराह नामक अदुल्लामवासी व्यक्ति के साथ रहने चले गये. 2तब शुआ नामक एक कनानी व्यक्ति की पुत्री से मिले और उन्होंने उनसे विवाह कर लिया और उनसे प्रेम किया; 3और उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया, जिनका एर नाम रखा. 4उन्होंने एक और पुत्र को जन्म दिया और उनका नाम ओनान रखा. 5उन्होंने एक और पुत्र को जन्म दिया, जिनका शेलाह नाम रखा. तब यहूदाह केज़ीब में रहते थे.
6यहूदाह ने एर, का विवाह तामार नामक स्त्री से किया. 7यहूदाह के बड़े बेटे एर यहोवाह की दृष्‍टि में दुष्ट थे; इसलिये यहोवाह ने एर को मार डाला.
8यहूदाह ने ओनान से कहा, “अपने भाई की पत्नी के साथ देवर का कर्तव्य पूरा करके अपने भाई के लिए संतान पैदा कीजिए.” 9ओनान ने कहा, ये संतान मेरी नहीं होगी; इसलिये जब कभी वह अपने भाई की विधवा पत्नी के साथ समागम करते, अपना वीर्य भूमि पर गिरा देते थे कि उनसे उनके भाई के लिए कोई संतान पैदा न हो सके. 10ओनान का यह काम यहोवाह को अच्छा नहीं लगा, इसलिये यहोवाह ने ओनान के भी प्राण ले लिए.
11यह देख यहूदाह ने अपनी बहू तामार से कहा, “जब तक मेरा पुत्र शेलाह, विवाह के योग्य न हो जाए, अपने पिता के घर विधवा बनकर रहिए.” यहूदाह को डर था कि इस पुत्र की भी मृत्यु उनके भाइयों के समान न हो जाए. इसलिये तामार अपने पिता के घर चली गईं.
12बहुत समय बाद शुआ की पुत्री अर्थात् यहूदाह की पत्नी की मृत्यु हो गई. यहूदाह अपने शोक के समय के बाद अपनी भेड़ों के ऊन कतरने वालों के पास तिमनाह को गये. उनके साथ उनका मित्र अदुल्लामी हीराह भी थे.
13जब तामार को यह बताया गया, “आपके ससुर भेड़ों के ऊन कतराने के लिये तिमनाह जा रहे हैं,” 14तब तामार ने अपने विधवा के वस्त्र उतार दिए, और अपना मुंह घूंघट से छिपाकर एक चादर लपेट ली तथा तिमनाह के मार्ग पर एनाइम के प्रवेश द्वार पर बैठ गईं. यह उन्होंने इसलिये किया क्योंकि उनके देवर शेलाह जवान हो चुके थे तथा उनसे उनका विवाह नहीं किया गया था.
15वहां से निकलते हुए उन्हें देख यहूदाह ने उन्हें वेश्या समझा, क्योंकि तामार ने मुंह ढक रखा था. 16इसलिये यहूदाह तामार के पास गये और उनसे कहा, “मुझे आपके साथ संभोग करना है.”
यहूदाह को यह मालूम नहीं था कि वह उनकी ही बहू थी. तामार ने पूछा, “क्या मजदूरी देंगे?”
17यहूदाह ने उत्तर दिया, “मैं आपको अपने झुंड में से एक बकरी भिजवा दूंगा.”
तब तामार ने कहा, “उसे भिजवाने तक उसके बदले में क्या देंगे?”
18यहूदाह ने पूछा, “आप क्या चाहती हैं?”
उन्होंने उत्तर दिया, “आपकी मुद्रामोहर, आपका बाजूबन्द तथा आपके हाथ की लाठी.” तब यहूदाह ने उन्हें ये वस्तुएं देकर उनसे संभोग किया और चले गये. तामार यहूदाह से गर्भवती हो गईं. 19तामार ने घर जाकर अपना विधवा वस्त्र वापस पहन लिया.
20जब यहूदाह ने अपने अदुल्लामी मित्र के हाथ वह शावक बकरी उस स्त्री के लिए भेजी, तो वहां उसे वह स्त्री नहीं मिली. 21उन्होंने आस-पास लोगों से पूछा, “वह वेश्या कहां हैं, जो एनाइम मार्ग पर बैठा करती हैं?”
उन्होंने कहा, “यहां कोई वेश्या कभी थी ही नहीं.”
22इसलिये वह यहूदाह के पास लौट गये और उन्हें बताया, “वह मुझे नहीं मिलीं. इतना ही नहीं, वहां लोगों ने बताया कि वहां तो कभी कोई वेश्या थी ही नहीं.”
23यह सुन यहूदाह ने उनसे कहा, “तब तो उन्हें वे चीज़ें रख लेने दीजिए अन्यथा तुच्छ हम ही बन जाएंगे. मैंने तो उनके लिए बकरी भिजवा दी थी, किंतु हम उनका पता नहीं लगा सके.”
24लगभग तीन माह बाद यहूदाह को बताया गया, “आपकी बहू ने व्यभिचार किया है और वह गर्भवती हैं.”
यहूदाह ने कहा, “उन्हें बाहर लाइए ताकि उन्हें जला दें!”
25जब उन्हें बाहर ला रहे थे, तो उन्होंने अपने ससुर को यह संदेश भेजा, “मैं उन व्यक्ति से गर्भवती हूं जिनकी ये वस्तुएं हैं.” तामार ने कहा, “देखिए, कि यह मुद्रामोहर, बाजूबन्द तथा लाठी किनकी है?”
26यहूदाह ने ये वस्तुएं देखते ही पहचान लीं और कहा, “वह तो मुझसे अधिक धर्मी हैं, क्योंकि मैंने ही उन्हें शेलाह की पत्नी होने से रोका था.” यहूदाह ने उनसे पुनः संभोग नहीं किया.
27जब प्रसव का समय आया तब पता चला कि उनके गर्भ में जुड़वां बच्‍चे हैं. 28जब प्रसव पीड़ा हो रही थी एक ने हाथ बाहर निकाला तो धाय ने उनके हाथ में यह कहते हुए लाल डोरी बांध दी, “यह पहले जन्मा है.” 29लेकिन उन्होंने अपना हाथ अंदर खींच लिया और उनके भाई का जन्म उनसे पहले हुआ. तब धाय ने कहा, “आप ही पहले बाहर निकलने में समर्थ हुए!” इसलिये उनका नाम पेरेज़#38:29 पेरेज़ अर्थात्, निकलने की दरार. रखा. 30फिर उनके भाई का जन्म हुआ, जिनके हाथ पर वह लाल डोरी बांधी गई थी. उनका नाम ज़ेराह#38:30 ज़ेराह अर्थात्, लालिमा या चमक रखा.

Voafantina amin'izao fotoana izao:

उत्पत्ति 38: HCV

Asongadina

Dika mitovy

Mampitaha

Hizara

None

Tianao hovoatahiry amin'ireo fitaovana ampiasainao rehetra ve ireo nasongadina? Hisoratra na Hiditra