मत्तियाह 6:1-6
मत्तियाह 6:1-6 HCV
“ध्यान रहे कि आप लोग, अन्य लोगों की प्रशंसा पाने के उद्देश्य से धार्मिकता के काम न करें अन्यथा आप लोगों को आपके स्वर्गीय पिता से कोई भी प्रतिफल प्राप्त न होगा. “इसलिए जब आप दान दें तब इसके लिये ढिंढोरा न पिटवाएं, जैसा पाखंडी लोग यहूदी सभागृहों तथा सड़कों पर किया करते हैं कि वे मनुष्यों द्वारा सम्मानित किए जाएं. सच तो यह है कि वे अपना पूरा-पूरा प्रतिफल प्राप्त कर चुके; किंतु आप जब ज़रूरतमंदों को दान दें तो आपके बायें हाथ को यह मालूम न हो सके कि आपका दायां हाथ क्या कर रहा है कि आपकी दान प्रक्रिया पूरी तरह गुप्त रहे. तब आपके पिता, जो अंतर्यामी हैं, आपको प्रतिफल देंगे. “प्रार्थना करते हुए आप लोगों की मुद्रा दिखावा करने वाले लोगों के समान न हो क्योंकि उनकी रुचि यहूदी सभागृहों में तथा नुक्कड़ों पर खड़े होकर प्रार्थना करने में होती है कि उन पर लोगों की दृष्टि पड़ती रहे. मैं आप लोगों पर यह सच प्रकाशित कर रहा हूं कि वे अपना पूरा-पूरा प्रतिफल प्राप्त कर चुके. इसके विपरीत जब आप प्रार्थना करें, तो आप अपनी कोठरी में चले जाएं, द्वार बंद कर लें और अपने पिता से, जो अदृश्य हैं, प्रार्थना करिये और आपके पिता, जो अंतर्यामी हैं, आपको प्रतिफल देंगे.




