मत्तियाह 5:6-48
मत्तियाह 5:6-48 HCV
धन्य हैं वे, जिन्हें धार्मिकता की भूख और प्यास होती है, क्योंकि वे ही तृप्त किए जाएंगे. धन्य हैं वे, जो कृपालु हैं, क्योंकि उन्हीं पर कृपा की जाएगी. धन्य हैं वे, जिनके हृदय शुद्ध हैं, क्योंकि वे परमेश्वर को देखेंगे. धन्य हैं वे, जो शांति कराने वाले हैं, क्योंकि वे परमेश्वर की संतान कहलाएंगे. धन्य हैं वे, जो धार्मिकता के कारण सताये जाते हैं, क्योंकि स्वर्ग-राज्य उन्हीं का है. “धन्य हैं आप लोग, जब अन्य लोग आप लोगों की निंदा करते और सताते तथा मेरे कारण आप लोगों के विषय में सब प्रकार के बुरे विचार फैलाते हैं. हर्षोल्लास में आनंद मनाइए क्योंकि आप लोगों का प्रतिफल स्वर्ग में है. उन्होंने आप लोगों से पहले आए हुए भविष्यद्वक्ताओं को भी इसी रीति से सताया था. “आप लोग पृथ्वी के नमक हैं, किंतु यदि नमक नमकीन न रहे तो उसके खारेपन को दोबारा कैसे लौटाया जा सकेगा? तब तो वह किसी भी उपयोग का नहीं सिवाय इसके कि उसे बाहर फेंक दिया जाए और लोग उसे रौंदते हुए निकल जाएं. “आप लोग संसार के लिए ज्योति हैं. पहाड़ी पर स्थित नगर को छिपाया नहीं जा सकता. कोई भी व्यक्ति जलते हुए दीप को किसी बर्तन से ढांक कर नहीं रखते; उसे उसके निर्धारित स्थान पर रखा जाता है कि वह उस घर में उपस्थित लोगों को प्रकाश दे. लोगों के सामने अपना प्रकाश इस रीति से प्रकाशित होने दीजिए कि वे आप लोगों के भले कामों को देख सकें तथा आपके पिता की, जो स्वर्ग में हैं, महिमा करें. “अपने मन से यह विचार निकाल दीजिए कि मेरे आने का उद्देश्य व्यवस्था और भविष्यद्वक्ताओं के लेखों को व्यर्थ प्रमाणित करना है—उन्हें पूरा करना ही मेरा उद्देश्य है. मैं आप लोगों पर एक सत्य प्रकट कर रहा हूं: जब तक आकाश और पृथ्वी अस्तित्व में हैं, व्यवस्था का एक भी बिंदु या मात्रा लुप्त न होगी, जब तक सब कुछ संपन्न न हो जाए. इसलिये जो कोई इनमें से छोटी सी छोटी आज्ञा को तोड़ते तथा दूसरों को भी यही करने की शिक्षा देते हैं, स्वर्ग-राज्य में सबसे छोटे घोषित किए जाएंगे. इसके विपरीत, जो कोई इन आदेशों का पालन करते और इनकी शिक्षा देते हैं, स्वर्ग-राज्य में विशिष्ट घोषित किए जाएंगे. मैं आप लोगों को इस सच्चाई से भी परिचित करा दूं: यदि परमेश्वर के प्रति आप लोगों की धार्मिकता व्यवस्था-विधान के शिक्षक और फ़रीसियों की धार्मिकता से बढ़कर न हो तो आप लोग किसी भी रीति से स्वर्ग-राज्य में प्रवेश न कर सकेंगे. “यह तो आप लोग सुन ही चुके हैं कि पूर्वजों को यह आज्ञा दी गई थी, ‘हत्या मत करिये और जो कोई हत्या करते हैं, वह न्यायालय के प्रति उत्तरदायी होंगे’; किंतु मेरा आप लोगों से यह कहना है कि हर एक व्यक्ति, जो अपने भाई-बहन पर गुस्सा करते हैं, वह न्यायालय के सामने दोषी होंगे और जो कोई अपने भाई से कहें, ‘अरे निकम्मे!’ वह सर्वोच्च न्यायालय के प्रति अपराध के दोषी होंगे तथा वह व्यक्ति, जो कहें, ‘अरे मूर्ख!’ वह तो नरक की आग के योग्य दोषी होंगे. “इसलिये, यदि आप वेदी पर अपनी भेंट चढ़ाने जा रहे हैं और वहां आपको यह याद आए कि आपके भाई के मन में आपके प्रति विरोध है, तो अपनी भेंट वेदी के पास ही छोड़ दीजिए और जाकर सबसे पहले अपने भाई से मेल-मिलाप करिये और तब लौटकर अपनी भेंट चढ़ाइए. “न्यायालय जाते हुए मार्ग में ही अपने कानूनी विरोधी से शीघ्र मेल-मिलाप कर लीजिए कि आपके वह विरोधी आपको न्यायाधीश के हाथ में न सौंपें और न्यायाधीश, अधिकारी के, और अधिकारी आपको बंदीगृह में डाल दें. मैं आपको इस सच से परिचित कराना चाहता हूं कि जब तक आप एक-एक पैसा लौटा न दें, आप बंदीगृह से छूट न पाएंगे. “यह तो आप लोग सुन ही चुके हैं कि यह कहा गया था: ‘व्यभिचार मत करिये.’ किंतु मेरा आप लोगों से यह कहना है कि हर एक, जो किन्हीं स्त्री को कामुक दृष्टि से मात्र देख लेते हैं, वह अपने मन में उनके साथ व्यभिचार कर चुके. यदि आपकी दायीं आंख आपके लड़खड़ाने का कारण बनती है तो उसे निकाल फेंकिये. आपके सारे शरीर को नर्क में झोंक दिया जाए इससे तो उत्तम यह है कि आपके शरीर का एक ही अंग नाश हो. यदि आपका दायां हाथ आपको विनाश के गड्ढे में गिराने के लिए उत्तरदायी है तो उसे काटकर फेंक दीजिए. आपके सारे शरीर को नरक में झोंक दिया जाए इससे तो उत्तम यह है कि आपके शरीर का एक ही अंग नाश हो. “यह कहा गया था: ‘कोई भी व्यक्ति, जो अपनी पत्नी से तलाक चाहें, वह उन्हें अलग होने का प्रमाण-पत्र दें.’ किंतु मेरा आप लोगों से यह कहना है कि हर एक, जो वैवाहिक व्यभिचार के अलावा किसी अन्य कारण से अपनी पत्नी से तलाक लेते हैं, वह अपनी पत्नी को व्यभिचार की ओर ढकेलते हैं और जो कोई उन त्यागी हुई स्त्री से विवाह करते हैं, वह व्यभिचार करते हैं. “आप लोगों को मालूम होगा कि पूर्वजों से कहा गया था: ‘झूठी शपथ मत लीजिए परंतु प्रभु से की गई शपथ को पूरा करिये.’ किंतु मेरा आप लोगों से यह कहना है कि शपथ ही मत लीजिए; न तो स्वर्ग की, क्योंकि वह परमेश्वर का सिंहासन है, न पृथ्वी की, क्योंकि वह उनके चरणों की चौकी है, न येरूशलेम की, क्योंकि वह राजाधिराज का नगर है और न ही अपने सिर की, क्योंकि आप लोग एक भी बाल न तो काला करने में समर्थ हैं और न ही सफेद करने में; परंतु आप लोगों की बातो में ‘हां’ का मतलब हां, और ‘न’ का न हो—जो कुछ इनके अतिरिक्त है, वह उस दुष्ट द्वारा प्रेरित है. “आप लोगों को यह तो मालूम है कि यह कहा गया था: ‘आंख के लिए आंख तथा दांत के लिए दांत.’ किंतु मेरा आप लोगों से यह कहना है कि बुरे व्यक्ति का सामना ही मत करिए. इसके विपरीत, जो कोई आपके दायें गाल पर थप्पड़ मारें, दूसरा गाल भी उनकी ओर कर दीजिए. यदि कोई आपको न्यायालय में घसीटकर आपका कुर्ता लेना चाहें तो उन्हें अपनी चादर भी दे दीजिए. जो कोई आपको एक किलोमीटर चलने के लिए मजबूर करें, तो उनके साथ दो किलोमीटर चले जाइए. उन्हें, जो आपसे कुछ मांगें, दे दीजिए और जो आपसे उधार लेना चाहें, उनसे अपना मुख मत छिपाइए. “आप लोगों को यह तो मालूम है कि यह कहा गया था: ‘अपने पड़ोसी से प्रेम करिये और अपने शत्रु से घृणा.’ किंतु मेरा आप लोगों से यह कहना है कि अपने शत्रुओं से प्रेम करिये और अपने सतानेवालों के लिए प्रार्थना; कि आप लोग अपने स्वर्गीय पिता की संतान हो जाएं, क्योंकि वे बुरे और भले दोनों पर ही सूर्योदय करते हैं. इसी प्रकार वे धर्मी तथा अधर्मी, दोनों पर ही वर्षा होने देते हैं. यदि आप लोग प्रेम मात्र उन्हीं से करते हैं, जो आप लोगों से प्रेम करते हैं तो आप लोग किस प्रतिफल के अधिकारी हैं? क्या चुंगी लेनेवाले भी यही नहीं करते? यदि आप लोग मात्र अपने बंधुओं को ही नमस्कार करते हैं तो आप लोग अन्य लोगों से अतिरिक्त ऐसा कौन सा सराहनीय काम कर रहे हैं? क्या गैर-यहूदी भी ऐसा ही नहीं करते? इसलिये ज़रूरी है कि आप लोग सिद्ध बनें, जैसे आपके स्वर्गीय पिता सिद्ध हैं.














